
- कहा- जरूरतमंदों की हरसंभव सहायता करना ही लायंस क्लब फगवाड़ा प्राइड का उद्देश्य
फगवाड़ा 6 सितंबर (भूपिंदर सिंह) लायंस क्लब फगवाड़ा प्राइड के चार्टर प्रधान एवं लायंस इंटरनेशनल 321-डी के डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन (यूथ) लायन गुरदीप सिंह कंग एम.जे.एफ. द्वारा एक जरूरतमंद सांस के मरीज को ऑक्सीमीटर भेंट किया गया। लायन गुरदीप सिंह कंग ने बताया कि यह ऑक्सीमीटर कोविड-19 महामारी के दौरान लायंस इंटरनेशनल 321-डी के तत्कालीन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन जी.एस. सेठी द्वारा उन्हें उपलब्ध करवाया गया था,

ताकि फगवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में सांस लेने में दिक्कत महसूस कर रहे जरूरतमंद मरीजों को आवश्यकता के समय यह सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान परेशानी का सामना कर रहे मरीजों के लिए ऑक्सीमीटर बेहद उपयोगी साबित हुआ था। उस समय अस्पतालों में हर बार यह सुविधा प्राप्त करना परिवारों के लिए अतिरिक्त खर्च का कारण बनता था तथा मरीज के परिवार के सदस्यों के भी वायरस की चपेट में आने का खतरा बना रहता था।

लायन कंग ने बताया कि कोविड-19 के बाद भी सांस से संबंधित विभिन्न बीमारियों से पीडि़त मरीजों के लिए यह उपकरण काफी उपयोगी साबित हो रहा है। जरूरतमंद मरीजों को यह ऑक्सीमीटर बिना किसी शुल्क के नि:शुल्क उपयोग के लिए उपलब्ध करवाया जाता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि किसी मरीज को ऑक्सीमीटर की आवश्यकता हो तो वह उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकता है।

उन्होंने कहा कि लायंस क्लब फगवाड़ा प्राइड एक अग्रणी समाजसेवी संस्था के रूप में लोक कल्याण के कार्यों के लिए लगातार प्रयासरत है तथा क्लब का प्रत्येक सदस्य समाज सेवा में अपना योगदान दे रहा है। इस अवसर पर लायन सतविंदर सिंह जस्सल, हरविंदर सिंह सग्गू, राजेश कुमार भारत मेडिकल हॉल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
