
फगवाड़ा 2 सितंबर (आशीष शर्मा) श्री महावीर जैन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, होशियारपुर रोड, फगवाड़ा के प्रांगण में योगीराज भगवान श्री कृष्ण के अवतरण दिवस श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्राइमरी विंग की समन्वयक मेडम पूनम भारद्वाज के नेतृत्व में आयोजित इस सुंदर कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने पूर्ण श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान नन्हे बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण की बाल-सुलभ, नटखट अदाओं और विभिन्न लीलाओं से संबंधित मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने कविता एवं भाषण के माध्यम से कर्मयोगी भगवान श्री कृष्ण के जीवन और उनके संदेश को भी प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बच्चों के लिए भगवान श्री कृष्ण के जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के व. प्रिंसिपल स. जगपाल सिंह ने अपने संबोधन में बच्चों को बताया कि भगवान श्री कृष्ण हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। वे फल की चिंता किए बिना कर्म करने का संदेश देते हुए सभी के लिए एक प्रकाश पुंज की भांति हैं, जिसे अपने जीवन में उतारकर हम आध्यात्मिकता की ओर अग्रसर हो सकते हैं। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान सतीश जैन, सचिव ललित जैन और कोषाध्यक्ष अजीत जैन ने भी समूह स्कूल स्टाफ एवं विद्यार्थियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी। प्रधान सतीश जैन ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण केवल एक नाम नहीं, बल्कि कर्मयोग, प्रेम और करुणा की साक्षात प्रतिमा हैं। उनके द्वारा दिया गया श्रीमद्भगवद्गीता का अमर उपदेश आज भी मानव जीवन का मार्गदर्शन करता है। कार्यक्रम के अंत में कुशल मंच संचालिका रमनप्रीत ने अपने आकर्षक अंदाज में कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अध्यापक वर्ग का आभार व्यक्त किया तथा सभी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
