
- फगवाड़ा में 14 और 16 सितंबर को लगाए जाएंगे कैंप : डा. राजीव कुमार
फगवाड़ा, 11 सितंबर (भूपिंदर सिंह) डायरेक्टर आयुर्वेद पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत जिला कपूरथला में 10 फ्री आयुष कैंप लगाए जा रहे हैं। अधिक जानकारी देते हुए जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अफसर डॉ. परमिंदर कौर ने बताया कि इन आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक के फ्री आयुष कैंपों में जरूरतमंद मरीजों का चेकअप करके फ्री दवाइयां दी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि पेट के रोगों, जोड़ों के दर्द, चमड़ी के रोगों के अलावा महिला रोग, ब्लड प्रेशर और खांसी आदि मौसमी बीमारियों से पीडि़त मरीज इन कैंपों का भरपूर लाभ ले सकते हैं। कैंप में आए मरीजों को शरीर की प्रकृति और मौसम के मुताबिक आहार-विहार में बदलाव संबंधी बहुमूल्य जानकारी भी दी जाएगी और साथ ही योग एवं प्राणायाम के लाभ भी बताए जाएंगे, ताकि व्यक्ति शारीरिक और मानसिक तौर पर स्वस्थ रह सके।

इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र सिविल अस्पताल फगवाड़ा के डॉ. राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कड़ी के तहत स्वास्थ्य केंद्र फगवाड़ा की ओर से पहला कैंप सोमवार 14 सितंबर को नई दाना मंडी होशियारपुर रोड और दूसरा कैंप 16 सितंबर दिन बुधवार को बस स्टैंड फगवाड़ा में लगाया जाएगा। इसके अलावा 2 अन्य कैंप भी फगवाड़ा के विभिन्न स्थानों पर लगाये जायेंगे। उन्होंने समूह फगवाड़ा वासियों को इन फ्री कैंपों का भरपूर लाभ लेने का खुला निमंत्रण भी दिया।
