
फगवाड़ा 3 सितंबर (भूपिंदर सिंह) कृषि क्षेत्र में लगातार लग रहे बिजली के अघोषित कटों को लेकर किसानों में भारी रोष देखा जा रहा है। इस संबंध में बातचीत करते हुए हरविंदर सिंह खुन्नखुन्न, ब्लॉक प्रधान भारतीय किसान यूनियन (दोआबा), के अलावा गांव अठौली के किसान शरणजीत सिंह, बलजिंदर सिंह किसान मानांवाली, तरलोचन सिंह दरवेश पिंड, गुरमीत सिंह दरवेश पिंड, गुरमुख सिंह सलारपुर, मेजर सिंह अठौली और गुरजीत सिंह गंडवां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भरोसा दिया था कि गन्ना बीजो या धान, खेतों को 8 घंटे बिजली की निर्बाध सप्लाई दी जाएगी। लेकिन अफसोस की बात है कि आज मुख्यमंत्री ने किसानों का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि उनके गांवों की जमीन गन्ने और धान की फसल के लिए उपजाऊ है।

लेकिन बिजली के कटों और 8 घंटे निर्बाध सप्लाई न मिलने के चलते फसलें सूखने के कगार पर खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की बदकिस्मती है कि पिछले साल बाढ़ ने फसलों को बर्बाद कर दिया था और इस बार न तो बारिश हो रही है और न ही भगवंत मान सरकार द्वारा किसानों का साथ दे रही है। किसानों ने बताया कि केवल 2 या 3 घंटे ही खेतों की मोटरों को बिजली सप्लाई मिल रही है, लेकिन उसमें भी अचानक रुकावट आ जाती है। धान और गन्ने की फसलों को इस समय पानी की बेहद जरूरत है। इसलिए वे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मांग करते हैं

कि खेतों की मोटरों को खेती के लिए 8 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार की अनदेखी के कारण फसल का नुकसान हुआ तो तीखा संघर्ष किया जाएगा। इस अवसर पर गुरमीत सिंह दरवेश पिंड, सुखविंदर सिंह, कुलदीप सिंह मेहटां, पिंदर सिंह, जसविंदर सिंह, मनजीत सिंह, जगतार सिंह जग्गी आदि भी मौजूद थे।
समस्या का जल्द किया जाएगा समाधान : हरदीप सिंह एक्सईएन

इस संबंध में बातचीत करते हुए पावरकॉम फगवाड़ा के एक्सईएन हरदीप कुमार ने कहा कि किसानों को अधिक से अधिक बिजली सप्लाई देने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। कुछ फीडरों में सप्लाई की जो अधिक समस्या है, उसे ठीक किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिया कि जल्द ही बिजली की निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी।
