
●कहा—पंजाब की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा बुरा असर; कट नहीं रुके तो चक्का जाम करने की चेतावनी
फगवाड़ा 3 सितंबर (आशीष शर्मा) पंजाब में लग रहे बिजली के अघोषित और लंबे कटों को लेकर बसपा फगवाड़ा के उपाध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह शेरगिल, अंबेडकर सेना पंजाब के प्रधान सुरिंदर ढंडा और वरिष्ठ बसपा नेता परमिंदर बोध ने पंजाब सरकार को घेरते हुए कहा है कि बिजली की अपर्याप्त सप्लाई के कारण किसानों, दुकानदारों और उद्योगपतियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली के कटों को तुरंत नहीं रोका गया तो सडक़ों पर संघर्ष करते हुए चक्का जाम किया जाएगा।

सुखविन्द्र सिंह शेरगिल ने कहा कि बिजली की पूरी सप्लाई नहीं मिलने के कारण किसानों को मोटरें चलाने में भी दिक्कत आ रही है और दुकानों तथा शहरों में भी बिजली की कमी लोगों के लिए मुश्किलें पैदा कर रही है। इस समय फसल पकने के करीब है और यदि किसानों को फसल के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिला तो उत्पादन कम हो सकता है। इंडस्ट्री का उत्पादन प्रभावित होगा और व्यापारिक दुकानों पर भी इसका बुरा असर पड़ेगा। इसका सीधा असर किसानों, उद्योगपतियों और व्यापारियों की आय के साथ-साथ पंजाब की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। शेरगिल और सुरिंदर ढंडा ने आरोप लगाया कि पंजाब की अर्थव्यवस्था में केंद्र से फसलों की खरीद के माध्यम से आने वाले पैसे की बड़ी भूमिका है।

उन्होंने कहा कि यदि फसल का उत्पादन कम होता है तो पंजाब में आने वाला पैसा भी कम होगा, जिससे आर्थिक हालात और प्रभावित होंगे। उन्होंने पंजाब सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार विकास की बजाय कर्ज लेने की ओर अधिक ध्यान दे रही है। उक्त नेताओं ने कहा कि बिजली कटों के मुद्दे को लेकर लोगों को प्रशासनिक कार्यालयों के धक्के नहीं खाने दिए जाएंगे।

सुखविंदर सिंह शेरगिल ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो बसपा की ओर से पंजाब प्रधान अवतार सिंह करीमपुरी के नेतृत्व में सडक़ों पर उतरकर संघर्ष किया जाएगा और प्रशासन को लोगों के बीच आकर उनकी बात सुननी पड़ेगी। बसपा किसानों, दुकानदारों और उद्योगपतियों के साथ डटकर खड़ी है और सरकार द्वारा किसी भी वर्ग के साथ धक्का बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर अमरीक पांछट, रमन सिद्धू और बाग सिंह आदि भी मौजूद थे।
